Tata Buxar Express: प्रतिबंधित सामान की अवैध ढुलाई के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन सतकर्ता अभियान में जसीडीह सीआईबी की टीम को सफलता मिली है. टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मधुपुर स्टेशन पर टाटा-बक्सर एक्सप्रेस से 11 बोतल विदेशी शराब बरामद की है. सीआईबी की टीम ट्रेन में अवैध सामान के परिवहन की जांच कर रही थी. इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि टाटा-बक्सर एक्सप्रेस में शराब ले जाई जा रही है.
कोच के गेट के पास मिला लावारिस बैग
सूचना के आधार पर टीम ने ट्रेन की जांच शुरू की. इस दौरान एम-2 कोच के प्रवेश द्वार के पास एक नीले रंग का श्रीलेदर बैग मिला. बैग को लावारिस हालत में देखकर पुलिस ने यात्रियों से उसके बारे में पूछताछ की. किसी भी यात्री ने बैग पर अपना दावा नहीं किया. इसके बाद बैग की तलाशी ली गई. उसमें विदेशी शराब की 11 बोतलें मिलीं. पुलिस टीम ने मधुपुर स्टेशन पर शराब को ट्रेन से उतार लिया.
12,200 रुपये की शराब जब्त
बरामद शराब में ब्लेंडर्स प्राइड अल्ट्रा प्रीमियम की 4 बोतल, ब्लेंडर्स प्राइड की 6 बोतल और रॉयल स्टैग सुप्रीम व्हिस्की की 1 बोतल शामिल है. कुल 11 बोतल शराब की अनुमानित कीमत 12,200 रुपये बताई गई है. कार्रवाई के बाद जब्त शराब को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उत्पाद विभाग को सौंप दिया गया है. इस कार्रवाई में किसी शराब तस्कर की गिरफ्तारी नहीं हो सकी. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि लावारिस बैग ट्रेन में कौन लेकर आया था और शराब को कहां ले जाया जा रहा था. मामले की जांच जारी है.