घर में घुसते ही महिला पर चला दी गोली
मिली जानकारी के अनुसार कुछ अज्ञात अपराधी अचानक महिला के घर में घुस आए. इससे पहले कि परिवार के लोग कुछ समझ पाते, अपराधियों ने महिला को निशाना बनाते हुए गोली चला दी. गोली लगते ही महिला गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी. घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए.
घटना के समय आसपास के लोगों में अफरा तफरी मच गई. गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत परिजनों के साथ मिलकर घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया गया.
गंभीर हालत को देखते हुए रांची रिम्स किया गया रेफर
स्थानीय अस्पताल में महिला का प्राथमिक उपचार किया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें रांची के रिम्स अस्पताल रेफर कर दिया. फिलहाल महिला की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है.
घटना के बाद इलाके में दहशत, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही कोलेबिरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अपराधियों की पहचान करने की कोशिश में जुटी हुई है. पुलिस का कहना है कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. हालांकि अभी तक गोली मारने के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है. घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में भय का माहौल बना हुआ है.
बढ़ती आपराधिक घटनाओं ने बढ़ाई लोगों की चिंता
लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं ने जिले के लोगों की चिंता बढ़ा दी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों के हौसले इतने बढ़ चुके हैं कि अब लोग अपने घरों में भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.