Seraikela News: सरायकेला के तिरुलडीह थाना पुलिस ने गुम हुए दो मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए. पुलिस ने यह कार्रवाई भारत सरकार के CEIR पोर्टल के जरिए मोबाइल की ट्रैकिंग के बाद की.
IMEI नंबर से शुरू हुई तलाश
थाना प्रभारी कौशल कुमार के अनुसार, मोबाइल गुम होने की शिकायत मिलने के बाद दोनों फोन के IMEI नंबर CEIR यानी Central Equipment Identity Register पोर्टल पर दर्ज किए गए थे. पुलिस ने पोर्टल के जरिए मोबाइल की गतिविधियों को ट्रैक किया. इसी दौरान दोनों फोन की लोकेशन मिलने के बाद पुलिस टीम ने उन्हें बरामद कर लिया.
सत्यापन के बाद मालिकों को सौंपे फोन
मोबाइल बरामद होने के बाद पुलिस ने संबंधित धारकों का सत्यापन किया. इसके बाद शुक्रवार को थाना परिसर में दोनों मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को वापस कर दिए गए. फोन वापस मिलने पर दोनों लोगों ने तिरुलडीह पुलिस के प्रति आभार जताया.
मोबाइल गुम हो तो तुरंत करें शिकायत
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने पर बिना देरी किए नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं. इसके साथ ही CEIR पोर्टल पर भी मोबाइल की जानकारी दर्ज कराएं. पुलिस के मुताबिक, IMEI नंबर के जरिए CEIR सिस्टम पर मोबाइल को ट्रैक करने में मदद मिल सकती है.