Seraikela News: सरायकेला जिले में तंबाकू नियंत्रण कानून (कोटपा) को प्रभावी तरीके से लागू कराने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है. गुरुवार शाम खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन के नेतृत्व में मुख्यालय क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया गया.
अभियान के दौरान करीब एक दर्जन दुकानों और गुमटियों की जांच की गई. इस दौरान पान मसाला, तंबाकू और सिगरेट बेचने वाले कई दुकानदारों पर कार्रवाई की गई.
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देश पर स्कूलों के आसपास विशेष निगरानी रखी जा रही है. कोटपा अधिनियम के तहत शिक्षण संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री और प्रचार पर रोक है.
जांच के दौरान अधिकारियों को कई दुकानों में ऐसी खाद्य सामग्री मिली, जिस पर एक्सपायरी तिथि, निर्माता कंपनी का नाम और जरूरी विवरण दर्ज नहीं थे. ऐसी सामग्री को जब्त कर लिया गया. इसके अलावा नियमों के खिलाफ लगाए गए तंबाकू उत्पादों के प्रचार से जुड़े कई बोर्ड भी हटाए गए.
अभियान के दौरान दुकानदारों को कोटपा कानून के प्रावधानों की जानकारी दी गई और भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई.
प्रशासन ने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा और बच्चों को तंबाकू उत्पादों से दूर रखने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.