Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध खनन, भंडारण और खनिजों के परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है. इसी क्रम में इचागढ़ थाना क्षेत्र के सोरों में खनन विभाग की टीम ने छापेमारी कर करीब 3.50 लाख CFT अवैध रूप से भंडारित बालू जब्त किया है.
औचक निरीक्षण में मिला भारी मात्रा में बालू
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नीतिश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथि के नेतृत्व में खान निरीक्षक की टीम ने सोरों क्षेत्र में औचक जांच की. निरीक्षण के दौरान एक स्थान पर बड़ी मात्रा में बालू जमा मिला. जांच के बाद टीम ने मौके पर मौजूद करीब 3.50 लाख CFT बालू को जब्त कर लिया. कार्रवाई के बाद जब्त बालू को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए इचागढ़ थाना को सुपुर्द कर दिया गया है. विभाग की ओर से मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है.
अवैध खनन पर सख्ती जारी रखने के निर्देश
जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथि ने कहा कि जिले में खनिजों के अवैध कारोबार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अवैध खनन, भंडारण या परिवहन में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ प्रचलित कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि खनिज संपदा के अवैध दोहन पर रोक लगाने के लिए विभाग की ओर से नियमित निगरानी के साथ औचक निरीक्षण और छापेमारी आगे भी जारी रहेगी.