Seraikela News: सरायकेला में खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर बुधवार को बाजार क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया गया. उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुधीर रंजन ने खुद खुदरा और थोक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया.
जांच के दौरान एक दुकान में एक्सपायर्ड नारियल पानी पाया गया. इसे तुरंत मौके पर ही नष्ट कर दिया गया. खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर संबंधित दुकानदार पर 2000 रुपये का जुर्माना लगाया गया.
वहीं एक थोक विक्रेता के गोदाम में गंदगी और बिना लेबल की खाद्य सामग्री पाई गई. इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए उस पर भी 2000 रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया.
अभियान के दौरान संजय चौक और आसपास के गोलगप्पा विक्रेताओं की भी विशेष जांच की गई. सभी विक्रेताओं को साफ और स्वच्छ पानी का उपयोग करने, ताजी खाद्य सामग्री रखने और व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए.
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने सभी खुदरा और थोक विक्रेताओं के साथ होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को भी सख्त चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि अज्ञात स्रोत से प्राप्त खाद्य सामग्री, एक्सपायर्ड पेय पदार्थ, चिप्स और अन्य खाने-पीने की वस्तुओं की बिक्री बिल्कुल न करें.
उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. जरूरत पड़ने पर फूड लाइसेंस निलंबित करने जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है.
जिला प्रशासन ने कहा कि नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसी कारण खाद्य सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है और इस तरह के सघन जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे.