Seraikela News: सरायकेला जिले में शिक्षा से जुड़ी योजनाओं की प्रगति को लेकर उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, संकुल संसाधन व्यक्ति और प्रखंड संसाधन व्यक्ति मौजूद रहे.
बैठक के दौरान उपायुक्त ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए. उन्होंने कहा कि राज्य स्तर पर जिले की शैक्षणिक प्रगति बेहतर बनाने के लिए सभी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ जरूरी बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए.
उन्होंने ई-विद्यावाहिनी पोर्टल के माध्यम से शिक्षकों और विद्यार्थियों की ऑनलाइन बायोमेट्रिक उपस्थिति की भी समीक्षा की. इस दौरान सभी शिक्षकों को नियमित रूप से अपनी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने और व्यवस्था को पूरी तरह लागू करने का निर्देश दिया गया.
उपायुक्त ने यह भी कहा कि विद्यालयों में पेयजल और शौचालय की व्यवस्था बेहतर होनी चाहिए. साथ ही स्वच्छता से जुड़ी आवश्यक सामग्री विद्यार्थियों तक आसानी से उपलब्ध कराई जाए, ताकि स्कूलों में स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बना रहे.