Seraikela News: चांडिल के दयावती मोदी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने मोबाइल के अत्यधिक उपयोग और उसके दुष्प्रभाव को लेकर जागरूकता अभियान चलाया. इस दौरान छात्रों ने कई गांवों में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया.
विद्यालय के विद्यार्थियों ने चिलगु, टिकर, आदरडीह, कुकड़ू, रघुनाथपुर और चालियामा गांवों में नाटक का मंचन किया. कार्यक्रम को देखने के लिए ग्रामीणों की अच्छी खासी भीड़ जुटी. नाटक के जरिए विद्यार्थियों ने बताया कि मोबाइल का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल युवाओं की पढ़ाई, स्वास्थ्य और सामाजिक संबंधों पर नकारात्मक असर डाल रहा है.
प्रस्तुति के दौरान कलाकारों ने यह भी दिखाया कि मोबाइल की लत के कारण युवा अपने परिवार और समाज से दूरी बनाने लगे हैं और उनका काफी समय बेकार की गतिविधियों में गुजर रहा है. विद्यार्थियों के अभिनय और संवादों ने दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर दिया.
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने विद्यार्थियों के प्रयास की सराहना की और कहा कि इस तरह की पहल समाज में जागरूकता फैलाने में मददगार साबित होती है.
विद्यालय की प्रधानाचार्या सम्पा बनर्जी ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ सामाजिक मुद्दों के प्रति भी जागरूक बनाना जरूरी है. ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है और समाज को सकारात्मक संदेश मिलता है.