Seraikela: सरायकेला-खरसवां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र के झीमरी-सांखा नदी अंडरपास के पास झाड़ी में पेड़ से लटका मिला सड़ा-गला शव की पहचान हो गई है। मृतक की पहचान 43 वर्षीय परमेश्वर डे के रूप में हुई है। वह तारापदो डे के पुत्र और बोकारो जिले के चंदनकियारी थाना क्षेत्र के निवासी थे।
दुर्गंध आने पर लोगों ने पुलिस को दी सूचना
रविवार को स्थानीय लोगों को झाड़ी की ओर से दुर्गंध महसूस हुई। जांच करने पर पेड़ से एक व्यक्ति का शव लटका मिला। सूचना मिलने के बाद नीमडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर थाना परिसर ले आई। शव काफी सड़ी-गली अवस्था में होने के कारण शुरुआत में उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस की जांच और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर बाद में मृतक की पहचान परमेश्वर डे के रूप में हुई।
काम की तलाश में गए थे बेंगलुरु
परिजनों के अनुसार, परमेश्वर डे मजदूरी करते थे। वह काम की तलाश में बेंगलुरु गए थे, लेकिन वहां काम नहीं मिलने के बाद वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान वह लापता हो गए थे।
मानसिक रूप से परेशान रहने की बात सामने आई
परिजनों ने बताया कि परमेश्वर डे पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। पेड़ से शव लटका मिलने के कारण पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट करने के लिए पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। नीमडीह पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।