Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल बरामद करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
गश्त के दौरान बिना नंबर की बाइक पकड़ी
पुलिस के अनुसार, शनिवार को पुलिस टीम बंधुगोड़ा बढ़ गाछ चौक के पास गश्त कर रही थी. इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की काले रंग की हीरो स्प्लेंडर बाइक पर एक युवक को आते देखा गया. पुलिस ने बाइक रोककर उससे वाहन के कागजात मांगे. कागजात दिखाने में युवक टालमटोल करने लगा.
आरोपी ने 5500 रुपये में बाइक खरीदने की बात कही
पूछताछ के दौरान युवक ने पुलिस को बताया कि उसने यह मोटरसाइकिल 5500 रुपये में खरीदी है. इसके बाद पुलिस ने बाइक की जांच शुरू की. जांच में पता चला कि मोटरसाइकिल कपाली के कमारगोड़ा निवासी व्यक्ति की है. यह बाइक कुछ दिन पहले जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी.
आरोपी की हुई पहचान
गिरफ्तार युवक की पहचान अरशद अंसारी (20) के रूप में हुई है. वह कपाली के इस्लामनगर पहला मोड़, मदरसा के पास का रहने वाला है. कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया. वहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस ने चोरी की बाइक जब्त कर ली है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.