Seraikela Accident News: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर में हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग पर हुए सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई. घटना कुजू पुल के पास पेट्रोल पंप के नजदीक हुई, जहां एक यात्री बस ने बाइक सवार को टक्कर मार दी.
मृतक की पहचान राजनगर प्रखंड के रोलाडीह गांव निवासी 25 वर्षीय सूरज महाकुड़ के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार सूरज पेशे से हाईवा चालक था और मोटरसाइकिल से अपनी पत्नी को लाने चक्रधरपुर के नाडुपदा स्थित ससुराल जा रहा था. इसी दौरान रास्ते में हादसा हो गया.
टक्कर लगने के बाद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. हादसे की खबर सुनकर परिजन और गांव के लोग भी अस्पताल पहुंचे. पोस्टमार्टम हाउस के बाहर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था.
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजन शव को लेकर राजनगर थाना पहुंचे और बस मालिक से मुआवजे की मांग की. थाना प्रभारी ने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया. इसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए गांव ले जाया गया.
स्थानीय लोगों ने बताया कि हाता-चाईबासा मार्ग पर तेज रफ्तार और बस चालकों की लापरवाही के कारण लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं. यात्रियों को बैठाने की होड़ में कई चालक जोखिम भरे तरीके से वाहन चलाते हैं, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है.