Ranchi News : झारखंड के रामगढ़ जिले की एक युवती ने बिहार के नवादा निवासी युवक पर शादी का झांसा देकर कई बार दुष्कर्म करने, दो बार गर्भपात कराने और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर गया के कोतवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
शिकायत के अनुसार, वर्ष 2024 में फेसबुक के जरिए युवती की पहचान नवादा के जेल रोड निवासी मुकेश कुमार से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और आरोपी ने शादी का वादा कर उसका विश्वास जीता।
होटलों के रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस, साक्ष्यों के आधार पर होगी कार्रवाई
एफआईआर में युवती ने आरोप लगाया है कि प्रतियोगी परीक्षाओं के दौरान गया, पूर्णिया, जहानाबाद और मुजफ्फरपुर के होटलों में आरोपी ने नशीली दवा खिलाकर कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि इस दौरान उसने अश्लील वीडियो भी बना लिया और उसे वायरल करने की धमकी देकर लगातार शोषण करता रहा।
युवती का यह भी आरोप है कि आरोपी ने दो बार उसका गर्भपात कराया। अब वह वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पैसे की मांग कर रहा है। मगध रेंज के आईजी के निर्देश पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने संबंधित होटलों के रिकॉर्ड की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में होटल रजिस्टर में आरोपी के नाम से कमरा बुक होने की जानकारी मिली है।