Ranchi News : झारखंड और बिहार के विभिन्न रूटों पर सफर करने वाले यात्रियों को जल्द ही अधिक किराया चुकाना पड़ सकता है। निजी बस संचालकों ने किराए में 15 से 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव परिवहन विभाग को भेजा है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद नई दरें लागू की जा सकती हैं।
बस ओनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सच्चिदानंद सिन्हा ने बताया कि बढ़ती परिचालन लागत और ईंधन की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि के कारण बसों का संचालन कठिन होता जा रहा है। इसी वजह से किराया संशोधन की मांग की गई है।
डीजल कीमतों में बढ़ोतरी से बढ़ा बस संचालन का खर्च
बस संचालकों का कहना है कि हाल के महीनों में डीजल की कीमतों में करीब 10 रुपये प्रति लीटर तक की वृद्धि हुई है। इसका सीधा असर लंबी दूरी की बस सेवाओं पर पड़ा है। उनके अनुसार एक चक्कर में लगभग 5 हजार रुपये तक अतिरिक्त खर्च आ रहा है, जिससे परिचालन लागत काफी बढ़ गई है।
संचालकों का तर्क है कि वर्तमान किराए पर बसों का संचालन आर्थिक रूप से चुनौतीपूर्ण हो गया है, इसलिए किराया बढ़ाना जरूरी हो गया है।
अयोध्या रूट पर सबसे अधिक असर, यात्रियों को देना पड़ सकता है अतिरिक्त किराया
यदि प्रस्ताव को स्वीकृति मिल जाती है तो विभिन्न रूटों पर यात्रियों को औसतन 75 से 100 रुपये तक अधिक किराया देना पड़ सकता है। सबसे ज्यादा असर अयोध्या रूट पर देखने को मिल सकता है, जहां वर्तमान किराया 1700 रुपये से बढ़कर करीब 2000 रुपये तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
बस ओनर्स एसोसिएशन ने उम्मीद जताई है कि अगले कुछ दिनों में सरकार इस प्रस्ताव पर निर्णय ले सकती है। मंजूरी मिलने के बाद नई किराया दरों की औपचारिक घोषणा की जाएगी।