Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-06

Ranchi News : जेपीएससी विवाद पर कांग्रेस का पलटवार, भाजपा पर युवाओं को गुमराह करने का आरोप

Ranchi News : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव और प्रवक्ता ऋषीकेश सिंह ने जेपीएससी की 14वीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम को लेकर भाजपा के आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा बिना किसी ठोस प्रमाण के संवैधानिक संस्थाओं की छवि खराब करने की कोशिश कर रही है।


ऋषीकेश सिंह ने कहा कि यदि भाजपा के पास कोई ठोस सबूत है तो उसे प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाने के बजाय सक्षम संवैधानिक या न्यायिक मंच पर प्रस्तुत करना चाहिए। केवल मीडिया के माध्यम से सवाल उठाकर युवाओं के बीच भ्रम फैलाना उचित नहीं है।

महागठबंधन सरकार भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए प्रतिबद्ध: कांग्रेस

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि महागठबंधन सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार बनने के बाद लंबे समय से लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाया गया है। जेपीएससी और जेएसएससी के माध्यम से नियमित परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं और कई विभागों में नियुक्तियां पूरी हो चुकी हैं, जबकि कई प्रक्रियाएं जारी हैं।

उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस, प्रशासन, शिक्षक, सहायक आचार्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, तकनीकी, ऊर्जा, राजस्व, उत्पाद, पेयजल और स्वच्छता समेत कई विभागों में भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।

ऋषीकेश सिंह ने कहा कि आज झारखंड के युवा आंदोलन नहीं, बल्कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटे हैं, जो सरकार की पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया पर उनके भरोसे को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यदि किसी को परीक्षा प्रक्रिया पर आपत्ति है तो उसके समाधान के लिए कानूनी व्यवस्था उपलब्ध है। बिना सबूत पूरी चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाना लाखों अभ्यर्थियों की मेहनत का अपमान है।

कांग्रेस ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि देश में सबसे अधिक पेपर लीक और भर्ती घोटालों के मामले भाजपा शासित राज्यों से सामने आए हैं। ऐसे में भाजपा को झारखंड के युवाओं को गुमराह करने का नैतिक अधिकार नहीं है। कांग्रेस ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !