Ranchi News : रांची के लालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रमजान कॉलोनी और शांति नगर इलाके में जमीन कब्जा विवाद को लेकर हंगामा देखने को मिला। इस मामले में केंद्रीय सरना समिति की पहल पर कथित अवैध कब्जे के खिलाफ कार्रवाई की गई और जमीन पर बनाई गई बाउंड्री को तोड़ दिया गया।
मामला रैयती जमीन पर कब्जे के आरोप से जुड़ा
जानकारी के अनुसार जमीन मालिक निताई मुंडा ने आरोप लगाया था कि उनकी लगभग एक एकड़ 34 डिसमिल रैयती जमीन पर अवैध कब्जा किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने उपायुक्त कार्यालय, सदर और अदालत में आवेदन दिया था, लेकिन लंबे समय तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने केंद्रीय सरना समिति से सहायता मांगी।
विवादित जमीन को लेकर कोर्ट में मामला लंबित
निताई मुंडा का कहना है कि यह मामला पहले से ही न्यायालय में विचाराधीन है, इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा जमीन की घेराबंदी की जा रही थी। इसी विवाद के बीच समिति की ओर से हस्तक्षेप किया गया और मौके पर पहुंचकर बाउंड्री को तोड़ दिया गया।
केंद्रीय सरना समिति ने लगाए गंभीर आरोप
केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष फूलचंद तिर्की ने आरोप लगाया कि गरीब आदिवासी परिवारों की जमीन पर दबाव बनाकर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में पीड़ितों को लगातार थाना और अदालत के चक्कर लगाने पड़ते हैं, जिससे उन्हें न्याय मिलने में देरी होती है।