Ranchi News: चतरा पुलिस द्वारा उग्रवादी संगठन JJMP के विरुद्ध टंडवा थाना कांड संख्या 26/26 (दिनांक 26.01.2026) के तहत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई NCC लिमिटेड कंपनी के अधिकारियों को लेवी के लिए धमकी देने, आगजनी करने एवं हिंसक वारदात को अंजाम देने से जुड़ी है, जिसमें TSPC एवं JJMP के नाम का भी उल्लेख सामने आया था।
लेवी की धमकी और हिंसक वारदात का पूरा घटनाक्रम
आम्रपाली परियोजना में कार्यरत NCC लिमिटेड कंपनी के पदाधिकारियों को लंबे समय से लेवी के लिए धमकी भरे कॉल मिल रहे थे। 24.01.2026 की रात पांच अज्ञात अपराधियों ने कंपनी के वोल्वो ट्रक को रोककर चालक एवं सुपरवाइजर के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की और ट्रक में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। मौके से JJMP संगठन के नाम का पर्चा भी बरामद हुआ, जिसमें लेवी न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई थी।
पुलिस ने तेज की जांच एवं छापेमारी अभियान
इसके बाद 25.01.2026 की सुबह भी कंपनी से जुड़े लोगों को पुनः धमकी एवं दहशत फैलाने की कोशिश की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस द्वारा जांच तेज कर दी गई है और उग्रवादी गतिविधियों में शामिल तत्वों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।