Ranchi News: रांची रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर सोमवार रात करीब 10:15 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया. जानकारी के अनुसार एक बुजुर्ग महिला अचानक ट्रैक पर चली गई और उसी समय वहां से गुजर रही क्रिया योगा एक्सप्रेस की चपेट में आ गई. ट्रेन की टक्कर लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई.
स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी
घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आसपास मौजूद यात्रियों ने तुरंत इसकी सूचना रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और स्टेशन अधिकारियों को दी. सूचना मिलते ही RPF के जवान और मेडिकल टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया.
प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने महिला के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फिलहाल महिला की पहचान की प्रक्रिया जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि यह दुर्घटना थी या कोई अन्य कारण.
घटना के बाद कुछ समय के लिए प्लेटफॉर्म पर भीड़ लग गई, जिसे रेलवे कर्मियों ने नियंत्रित किया. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि प्लेटफॉर्म पर खड़े रहते समय सावधानी बरतें और हमेशा पीली सुरक्षा रेखा के पीछे ही खड़े रहें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके.