Ranchi News: रांची रेलवे ऑफिसर्स कॉलोनी की एक गली में गुरुवार सुबह कपड़े में लिपटा नवजात मिलने से हड़कंप मच गया. गली सेरसा स्टेडियम के सामने स्थित है. नवजात के रोने की आवाज सुनकर एक युवक मौके पर पहुंचा. इसके बाद उसने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी.
मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों की पड़ी नजर
बताया जा रहा है कि सुबह कुछ लोग मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे. इसी दौरान एक युवक ने गली के किनारे कपड़े में लिपटे बच्चे को देखा. पास जाकर देखने पर पता चला कि वहां नवजात बच्चा लावारिस हालत में पड़ा है. लोगों ने तुरंत इसकी सूचना आरपीएफ को दी.
आरपीएफ और पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया
जानकारी मिलते ही आरपीएफ और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने नवजात को अपने संरक्षण में लिया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों की निगरानी में बच्चे का इलाज चल रहा है. फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
बच्चे को वहां कौन छोड़कर गया, इसका पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. रेलवे ऑफिसर्स कॉलोनी के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है, ताकि बच्चे को वहां छोड़ने वाले व्यक्ति की पहचान हो सके. पुलिस आसपास के अस्पतालों और नर्सिंग होम से भी हाल में हुए प्रसव की जानकारी जुटा रही है. फिलहाल बच्चे को छोड़ने वाले व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश जारी है.