Ranchi News: रांची के तीन परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली एसएससी की एमटीएस और हवलदार भर्ती परीक्षा को तकनीकी समस्या के कारण रद्द कर दिया गया. अचानक लिए गए इस फैसले से परीक्षार्थियों में भारी नाराजगी देखी गई. आदर्श इंटरनेशनल स्कूल परीक्षा केंद्र पर कई अभ्यर्थियों ने विरोध जताते हुए हंगामा किया.
जानकारी के अनुसार, 11 फरवरी 2026 को प्रथम पाली में आयोजित होने वाली परीक्षा कुछ केंद्रों पर तकनीकी कारणों से नहीं हो सकी. इस संबंध में कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने आधिकारिक नोटिस जारी कर परीक्षा रद्द किए जाने की पुष्टि की है. आयोग ने अभ्यर्थियों से कहा है कि वे नई तिथि और अन्य अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें.
अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी रांची पहुंचे
एमटीएस और हवलदार भर्ती परीक्षा देने के लिए झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी रांची पहुंचे थे. कई परीक्षार्थी लंबी दूरी तय कर परीक्षा केंद्र पहुंचे थे, लेकिन परीक्षा रद्द होने की सूचना मिलते ही वे निराश हो गए.
अभ्यर्थियों ने परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि बार-बार तकनीकी खामियों के कारण परीक्षा रद्द होना युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय है. उनका आरोप है कि परीक्षा संचालन में लापरवाही हो रही है और निजी एजेंसियों के जरिए कराई जा रही व्यवस्थाओं में पारदर्शिता की कमी है.
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि केवल नई तारीख घोषित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पूरी परीक्षा प्रणाली में सुधार और जवाबदेही तय की जानी चाहिए. उन्होंने आयोग से स्पष्ट जानकारी और ठोस कार्रवाई की मांग की है.
फिलहाल आयोग की ओर से पुनर्निर्धारित तिथि की घोषणा नहीं की गई है. नई परीक्षा तिथि के इंतजार के बीच अभ्यर्थियों में असंतोष और अविश्वास का माहौल बना हुआ है.