Ranchi News: राजधानी रांची में लोअर बाजार थाना क्षेत्र के पथलकुदवा स्थित इस्लाम नगर से लापता हुए दो मासूम बच्चों को पुलिस ने सकुशल ढूंढ निकाला है. बच्चों के अचानक गायब होने की खबर मिलते ही पुलिस विभाग हरकत में आ गया और पूरे इलाके में तलाश अभियान शुरू कर दिया गया.
जानकारी के अनुसार, 12 साल के समर और 10 साल की सदफ बुधवार शाम से घर से लापता थे. जैसे ही यह खबर फैली, इस्लाम नगर में हड़कंप मच गया. परिजन परेशान होकर बच्चों की तलाश में जुट गए और आसपास के लोग भी चिंता में डूब गए.
एक विशेष टीम बनाई गई
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी पारस राणा की अगुवाई में एक विशेष टीम बनाई गई. पुलिस ने पूरी रात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली और आसपास के लोगों से पूछताछ की. लगातार जांच के दौरान पुलिस को सुराग मिला कि दोनों बच्चे कांटाटोली इलाके में अपने एक मित्र के घर गए हुए हैं.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की और दोनों बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया. बच्चों के सही-सलामत मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली.
घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी समेत कई डीएसपी भी मौके पर पहुंचे थे. अधिकारियों ने परिवार से मुलाकात कर पूरी जानकारी ली थी और भरोसा दिलाया था कि बच्चों को जल्द खोज लिया जाएगा. पुलिस की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई के कारण दोनों बच्चे सुरक्षित घर लौट आए, जिससे पूरे इलाके में सुकून का माहौल है.