Ramgarh News : जिले के अरगड्डा मोड़ के पास हेसला स्थित झारखंड इस्पात प्लांट में सोमवार तड़के करीब 4 बजे हुए जोरदार हार्नेस ब्लास्ट से इलाके में हड़कंप मच गया। इस हादसे में प्लांट में काम कर रहे 9 मजदूर बुरी तरह झुलस गए। धमाके के बाद कुछ देर के लिए प्लांट का कामकाज भी ठप हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग दहशत में आ गए। प्लांट परिसर में आग और धुआं फैलने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मजदूर इधर-उधर भागने लगे। घायल मजदूर दर्द से कराहते हुए मदद की गुहार लगाते नजर आए।हादसे में झुलसे मजदूरों की पहचान अखिला राय, बृजलाल बेदिया, राजबालन यादव, महेश महतो, अशोक बेदिया, पंडित जी (राजू झा), छोटू साव, सुरेश बेदिया और इशया के रूप में हुई है। सभी घायलों को तुरंत रांची रोड स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, 9 में से 7 मजदूर 80 से 90 प्रतिशत तक झुलस चुके हैं और उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए रांची के देवकमल अस्पताल रेफर कर दिया गया है। इस घटना के बाद प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। मजदूरों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि सुरक्षा मानकों का ठीक से पालन नहीं किया जा रहा था, जिसकी वजह से इतना बड़ा हादसा हुआ।
दुर्घटना का कारण स्पष्ट नहीं, सुरक्षा मानकों की अनदेखी हो सकती है वजह
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या सुरक्षा मानकों की अनदेखी को हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि, प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा।
हादसे के बाद मजदूरों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों ने प्लांट प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं प्रशासन ने घायलों के बेहतर इलाज और हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और चिंता का माहौल बना हुआ है।