Ranchi: राज्य के युवाओं के लिए रिम्स में नौकरी का मौका है. स्वास्थ्य योजनाओं के बेहतर संचालन के लिए राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) ने अलग-अलग पदों पर कुल 53 नियुक्तियों के लिए आवेदन मांगे हैं. इन पदों पर नियुक्ति अनुबंध के आधार पर होगी. योग्य उम्मीदवार 31 अगस्त 2026 को वॉक-इन इंटरव्यू में शामिल हो सकते हैं. इंटरव्यू रिम्स निदेशक के कार्यालय, रांची में होगा. उम्मीदवारों के लिए रिपोर्टिंग का समय सुबह 9:30 बजे से 11 बजे तक निर्धारित किया गया है.
ऑपरेशनल मैनेजर को 75 हजार मानदेय
रिम्स में ऑपरेशनल मैनेजर - हेल्थ इंश्योरेंस का एक पद है. चयनित उम्मीदवार को हर महीने 75 हजार रुपये मानदेय मिलेगा. इस पद के लिए हेल्थ केयर में एमबीए या हेल्थ में मास्टर डिग्री जरूरी है. इसके साथ सरकारी स्वास्थ्य बीमा कार्यक्रम लागू करने का कम से कम 5 साल का अनुभव भी होना चाहिए.
फ्लोर को-ऑर्डिनेटर के 12 पद
फ्लोर को-ऑर्डिनेटर के लिए कुल 12 पद हैं. इनमें अनारक्षित वर्ग के 5, एसटी के 3, एससी का 1, बीसी-I का 1, बीसी-II का 1 और ईडब्ल्यूएस का 1 पद शामिल है. इस पद पर चयनित अभ्यर्थियों को 30 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा. उम्मीदवार का किसी भी विषय से स्नातक होना जरूरी है. इसके अलावा सरकारी स्वास्थ्य कार्यक्रम या स्वास्थ्य बीमा में मैनेजर के रूप में 2 साल का अनुभव और कम से कम एक साल का कंप्यूटर ऑपरेशन सर्टिफिकेट कोर्स होना चाहिए.
आरोग्य मित्र के 40 पद
रिम्स में आरोग्य मित्र के 40 पद भी भरे जाएंगे. इस पद पर उम्मीदवारों को प्रति सफल केस 120 रुपये के आधार पर भुगतान किया जाएगा. आरोग्य मित्र पद के लिए मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना जरूरी है. साथ ही 6 महीने का डीसीए सर्टिफिकेट भी होना चाहिए. आरोग्य मित्र के रूप में पहले काम कर चुके उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी. सभी पदों के उम्मीदवारों में हिंदी और अंग्रेजी में अच्छी संवाद क्षमता होनी चाहिए. इसके साथ कंप्यूटर की जानकारी भी जरूरी है.
आयु सीमा भी तय
सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों की अधिकतम उम्र 40 वर्ष होनी चाहिए. एसटी और एससी वर्ग के लिए अधिकतम आयु सीमा 45 वर्ष रखी गई है. वहीं बीसी-I और बीसी-II वर्ग के उम्मीदवारों के लिए अधिकतम उम्र 42 वर्ष निर्धारित है. सरकारी कर्मचारियों और महिला उम्मीदवारों को झारखंड सरकार के नियमों के अनुसार आयु सीमा में विशेष छूट मिलेगी.