Patna News : पटना जिले के मोकामा प्रखंड के कन्हाईपुर गांव में एक बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान कृष्णी देवी के रूप में हुई है। परिजनों और ग्रामीणों ने महिला के बेटे, बहू और समधिन पर गला घोंटकर हत्या करने तथा घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घर से बरामद हुआ शव, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घर से महिला का शव बरामद किया। बाढ़ के एसडीपीओ राम कृष्णा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। इसके बाद पटना से फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।
बेटे, बहू और समधिन पर हत्या का आरोप, ग्रामीणों ने लगाया प्रताड़ना का आरोप
जानकारी के अनुसार, मृतका का इकलौता बेटा नवीन शर्मा मंगलवार को ही दिल्ली से गांव लौटा था। आरोप है कि उसी दिन बेटे, बहू और समधिन ने मिलकर कृष्णी देवी की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को रस्सी के सहारे छत के हुक से लटका दिया गया, ताकि मामला आत्महत्या का प्रतीत हो।
ग्रामीणों का आरोप है कि कृष्णी देवी को लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने बेटे और बहू पर हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभी तक पुलिस ने आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।