Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-03-10

Palamu News: पलामू जोगियाही तालाब से दूध विक्रेता का शव बरामद, हत्या की आशंका

Palamu: शहर थाना क्षेत्र के काशीनगर रेडमा इलाके में उस समय हड़कंप मच गया जब 58 वर्षीय दूध विक्रेता मोहन यादव का शव मंगलवार को जोगियाही तालाब से बरामद किया गया। मोहन यादव स्वर्गीय रामकिशुन यादव के पुत्र बताए जा रहे हैं। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ तालाब के पास जुट गई।

परिजनों ने बताया कि मोहन यादव 8 मार्च की शाम शहर के ठाकुरबाड़ी मोहल्ले में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकले थे। देर रात तक जब वे वापस नहीं लौटे तो परिवार के लोग चिंतित हो गए और उनकी तलाश शुरू कर दी। आसपास के इलाकों में भी काफी खोजबीन की गई, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल पाया।

तालाब किनारे मिली साइकिल, फिर शुरू हुई तलाश
मंगलवार सुबह एक चरवाहे ने जोगियाही तालाब के पास एक साइकिल और कुछ सामान पड़े होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। तालाब किनारे मोहन यादव की साइकिल और अन्य सामान पड़ा मिला। इसके बाद लोगों ने तालाब में खोजबीन शुरू की, जहां से कुछ देर बाद उनका शव बरामद हुआ।

बताया जा रहा है कि मोहन यादव इलाके में दूध बेचने का काम करते थे और रोजाना आसपास के मोहल्लों में दूध की सप्लाई करते थे। परिजनों के अनुसार उन्हें शराब पीने की भी आदत थी। फिलहाल उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी साफ नहीं हो पाया है।

पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार और एसआई संगीता झा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

खेत में युवक का शव मिलने से मचा हड़कंप
इधर हुसैनाबाद प्रखंड के अलीनगर गांव में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब ग्रामीणों ने एक युवक का शव खेत में पड़ा देखा। शव लावारिस हालत में मिलने से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर शव को यहां फेंक दिया गया है।

मृतक की पहचान संजय पासवान के रूप में
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। बाद में मृतक की पहचान बेल बिगहा पंचायत के पोखरापर गांव निवासी रामबिलास पासवान के 25 वर्षीय पुत्र संजय पासवान के रूप में हुई।

बताया जाता है कि संजय अपने माता-पिता की इकलौती संतान था और बचपन से ही अलीनगर स्थित अपने ननिहाल में रह रहा था। उसकी संदिग्ध मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !