Pakur: लंबे समय से अपने मोबाइल का इंतजार कर रहे 34 लोगों को गुरुवार को उनका फोन वापस मिल गया. पाकुड़ पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत अलग-अलग इलाकों से गुम हुए मोबाइल बरामद किए थे. जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति यानी दिशा की बैठक के दौरान इन मोबाइल को उनके असली धारकों को सौंपा गया. बैठक की अध्यक्षता सांसद विजय हांसदा ने की. मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई.
CEIR पोर्टल से तलाशे गए मोबाइल
पुलिस के मुताबिक, गुम या चोरी हुए मोबाइल को खोजने में भारत सरकार के दूरसंचार विभाग के CEIR पोर्टल की मदद ली जा रही है. इसी व्यवस्था के जरिए पुलिस मोबाइल फोन की जानकारी जुटाकर उन्हें ट्रैक करने का प्रयास करती है. पुलिस ने बताया कि इससे पहले 1 अगस्त को भी अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 28 गुम मोबाइल बरामद किए गए थे. ये फोन भी उनके वास्तविक धारकों को लौटा दिए गए थे.
किस थाना क्षेत्र से कितने मोबाइल मिले
इस बार बरामद किए गए 34 मोबाइल में पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के 6 फोन शामिल हैं. मालपहाड़ी ओपी से भी 6 मोबाइल बरामद हुए. पाकुड़िया थाना क्षेत्र से 5, मुफ्फसिल थाना से 4 और महेशपुर थाना क्षेत्र से 3 मोबाइल मिले हैं. हिरणपुर थाना से 3, लिट्टीपाड़ा थाना से 2, अमड़ापाड़ा थाना से 2 और रद्दीपुर ओपी से 2 मोबाइल बरामद किए गए. वहीं सिमलौंग ओपी क्षेत्र से 1 मोबाइल पुलिस ने बरामद किया.
कार्यक्रम में मौजूद रहे जनप्रतिनिधि और अधिकारी
मोबाइल वितरण के दौरान महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी, लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू और पाकुड़ विधायक निसात आलम मौजूद रहे. कार्यक्रम में उपायुक्त मेघा भारद्वाज और पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह भी मौजूद थे. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मोबाइल खोने वाले लोगों को बड़ी राहत मिली है.