National Breaking: कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा की मुश्किलें बढ़ गई हैं. मंगलवार सुबह दिल्ली स्थित उनके आवास पर असम पुलिस और दिल्ली पुलिस की टीमें संयुक्त रूप से पहुंचीं. यह कार्रवाई असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा की पत्नी रिंकी सरमा पर लगाए गए गंभीर आरोपों के सिलसिले में की जा रही है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, टीम इस मामले में पवन खेड़ा से पूछताछ करना चाहती है. कानूनी प्रक्रिया के तहत असम पुलिस ने पहले ही दिल्ली पुलिस को सूचित कर दिया था, जिसके बाद स्थानीय पुलिस की मदद से यह दबिश दी गई.
आवास पर नहीं मिले खेड़ा, पासपोर्ट विवाद से जुड़ा है पूरा मामला
शुरुआती जानकारी के अनुसार, जब पुलिस टीम पवन खेड़ा के दिल्ली स्थित घर पहुंची, तो वे वहां मौजूद नहीं थे. पूरा विवाद खेड़ा की उस प्रेस कॉन्फ्रेंस से शुरू हुआ, जिसमें उन्होंने मुख्यमंत्री की पत्नी रिंकी सरमा पर तीन देशों के पासपोर्ट रखने और विदेशों में बेनामी संपत्ति होने जैसे कई सनसनीखेज आरोप लगाए थे. इन्हीं आरोपों को आधार बनाकर असम पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू की है और पूछताछ के लिए दिल्ली में उनके ठिकाने पर दस्तक दी है.
मुख्यमंत्री ने आरोपों को बताया मनगढ़ंत, मानहानि का केस दर्ज करने की चेतावनी
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने पवन खेड़ा के इन आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद, मनगढ़ंत और राजनीति से प्रेरित करार दिया है. उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस की हताशा को दर्शाता है. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि वे और उनकी पत्नी इन दुर्भावनापूर्ण बयानों के खिलाफ पवन खेड़ा पर आपराधिक और दीवानी मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे. फिलहाल पुलिस टीम खेड़ा की तलाश और मामले की जांच में जुटी है, जिससे आने वाले समय में उनकी गिरफ्तारी की संभावनाओं को लेकर चर्चाएं गर्म हैं.