Latehar News : जिले में सड़क हादसों का सिलसिला लगातार जारी है। मंगलवार को बरवाडीह-कुटमू रोड पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दो बच्चियों समेत चार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
पेट्रोल पंप के पास हुई जोरदार टक्कर
जानकारी के अनुसार बरवाडीह-कुटमू रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास दो बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे में बरवाडीह बाजार निवासी विजय प्रसाद, उनकी पुत्री, एक अन्य सात वर्षीय बच्ची और एक बाइक सवार घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सभी लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
वन विभाग के अधिकारियों ने दिखाई तत्परता
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग के रेंजर अजय टोप्पो और डीएफओ ऑफिस के प्रशांत भास्कर मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने गंभीर रूप से घायल विजय प्रसाद और उनकी पुत्री को तत्काल अपने वाहन से डालटनगंज सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों से लोग चिंतित
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की कोशिशों के बावजूद इलाके में सड़क हादसे लगातार बढ़ रहे हैं। इससे पहले सोमवार को भी बरवाडीह में सड़क दुर्घटना में कई बच्चे घायल हुए थे। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के कारण लोगों में चिंता का माहौल है।