Kolkata News: पश्चिम बंगाल विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर और टीएमसी के वरिष्ठ नेता आशीष बनर्जी का रविवार सुबह बीरभूम जिले के रामपुरहाट में निधन हो गया। उनका शव उनके घर में स्थित पार्टी कार्यालय में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उनके घर के बाहर जमा हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
मौके से मिला कथित सुसाइड नोट, भ्रष्टाचार के आरोपों से किया इनकार
पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त की सुबह आशीष बनर्जी के शव के पास से एक कथित सुसाइड नोट भी मिला। इसमें उन्होंने भ्रष्टाचार करने से इनकार किया और खुद को बदनाम करने की कोशिश किए जाने की बात लिखी है। पुलिस फिलहाल नोट और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
आशीष बनर्जी का घर और पार्टी कार्यालय बीरभूम जिले के रामपुरहाट के वार्ड नंबर 5 स्थित हताताला पाड़ा में है। उनकी मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में टीएमसी समर्थक और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।
पांच बार रामपुरहाट से रहे विधायक, डिप्टी स्पीकर भी बने
आशीष बनर्जी को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का करीबी माना जाता था। वह रामपुरहाट विधानसभा क्षेत्र से पांच बार विधायक रहे। इसके अलावा उन्होंने पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री के रूप में भी काम किया और विधानसभा के डिप्टी स्पीकर की जिम्मेदारी संभाली। 2026 में हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में आशीष बनर्जी रामपुरहाट सीट से भाजपा उम्मीदवार ध्रुव साहा के खिलाफ चुनाव हार गए थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत से जुड़े कई सवालों की स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है.