Koderma: कोडरमा के तिलैया थाना क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में शुक्रवार को 18 वर्षीय युवक रहमत अंसारी की मौत हो गई. मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया. रहमत अंसारी, पिता रुस्तम अंसारी, तिलैया थाना क्षेत्र के गझंडी गांव का रहने वाला था. परिजनों के मुताबिक, वह फुटबॉल खेलकर घर लौटा था. घर पहुंचने के कुछ देर बाद उसे अचानक सांस लेने में परेशानी होने लगी. परिवार के लोग उसे सुबह करीब 11:30 बजे जयप्रकाश हॉस्पिटल लेकर पहुंचे.
सिटी स्कैन के बाद बिगड़ी हालत
परिजनों का कहना है कि अस्पताल में रहमत को इंजेक्शन दिया गया और उसका सिटी स्कैन कराया गया. स्कैन के बाद जब उसे वापस लाया गया, तो उसकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी. परिजनों के अनुसार, उन्होंने नर्स से युवक को तुरंत ऑक्सीजन देने के लिए कहा. आरोप है कि नर्स ने डॉक्टर के आने और रिपोर्ट देखने के बाद ऑक्सीजन लगाने की बात कही. इसी दौरान रहमत की मौत हो गई. इसके बाद परिवार के लोगों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
हंगामे की सूचना मिलते ही तिलैया थाना पुलिस अस्पताल पहुंची. पुलिस ने परिजनों और वहां मौजूद लोगों से घटना की जानकारी ली. इसके बाद लोगों को समझाकर स्थिति शांत कराई गई. स्थानीय लोगों के अनुसार, परिवार अस्पताल के डॉक्टर से मुआवजे की मांग कर रहा है.
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि युवक की मौत के मामले की जांच की जा रही है. परिजनों की ओर से दिए जाने वाले आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल अस्पताल में इलाज के दौरान हुई युवक की मौत को लेकर परिजनों के आरोपों की जांच की जा रही है.