Koderma: कोडरमा के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत रांची-पटना मुख्य मार्ग पर नौवां माइल के समीप बुधवार दोपहर एक तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रही कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान विमला देवी, उनके पति रामप्रवेश प्रसाद और कार चालक संजय प्रसाद के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, तीनों बिहारशरीफ से बोकारो जा रहे थे। इसी दौरान कोडरमा घाटी के नौवां माइल के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी।
राहगीर ने दिखाई मानवता, घायलों को पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद पीछे से आ रहे एक अन्य कार चालक पप्पू सिंह ने तत्परता दिखाते हुए घायल लोगों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला। उन्होंने बिना देर किए अपनी कार से तीनों घायलों को कोडरमा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक तथा कार को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद कोडरमा एसडीपीओ भी सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।