Jharkhand: झारखंड के कई जिलों में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम ने करवट ली है। राज्य के कुछ हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिसके साथ गरज-चमक और वज्रपात की घटनाएं भी सामने आई। शाम के समय मौसम विभाग की ओर से कुछ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया था। वही राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहे।
कई जिलों में आज भी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार आज भी राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। जिन जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है, उनमें देवघर, बोकारो, पाकुड़, दुमका, धनबाद, कोडरमा, गिरिडीह, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम, खूंटी, जामताड़ा, साहिबगंज और चतरा शामिल हैं। इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। तेज हवा या आंधी-तूफान की स्थिति में खुले स्थानों से दूर रहने और पेड़ या बिजली के खंभों के नीचे खड़े न होने की चेतावनी दी गई है।
तापमान और वायु गुणवत्ता का हाल
राज्य के प्रमुख शहरों में तापमान और वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) की स्थिति इस प्रकार रही:
रांची – अधिकतम 33°C, न्यूनतम 18°C, AQI 169
जमशेदपुर – अधिकतम 36°C, न्यूनतम 21°C, AQI 173
धनबाद – अधिकतम 33°C, न्यूनतम 20°C, AQI 188
बोकारो – अधिकतम 34°C, न्यूनतम 19°C, AQI 145
पलामू – अधिकतम 36°C, न्यूनतम 19°C, AQI 160
बारिश के बावजूद गर्मी से राहत नहीं
हालांकि कुछ जिलों में बारिश हुई है, लेकिन उमस भरी गर्मी से लोगों को खास राहत नहीं मिल रही है। दिन के समय गर्मी और नमी का असर बना हुआ है, जबकि रात में भी कई जगहों पर लोग पंखे और एसी का सहारा ले रहे हैं। बारिश के बाद वातावरण में उमस बढ़ने से लोगों को अधिक गर्मी महसूस हो रही है।
हजारीबाग में दर्ज हुई सबसे ज्यादा वर्षा
पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक बारिश हजारीबाग जिले में दर्ज की गई, जहां करीब 10.4 मिलीमीटर वर्षा हुई। वहीं सबसे अधिक अधिकतम तापमान डाल्टनगंज में 34.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दूसरी ओर न्यूनतम तापमान गुमला में 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने आने वाले समय में भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवा की संभावना जताई है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।