Jharkhand Weather Update: झारखंड में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, मेघगर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला समेत 16 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मानसून की सक्रियता से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी।
मेघगर्जन-वज्रपात को लेकर सतर्क रहने की सलाह
रांची मौसम केंद्र ने रांची, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, दुमका, जामताड़ा, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, खूंटी, सिमडेगा व गुमला सहित कई जिलों में मेघगर्जन और तेज हवाओं की संभावना जताई है। कुछ क्षेत्रों में बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। विभाग ने लोगों को खुले मैदानों, ऊंचे पेड़ों और असुरक्षित स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है।
कोल्हान-संथाल परगना में ज्यादा सक्रिय रहेगा मानसून
रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। कई स्थानों पर गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार कोल्हान और संथाल परगना क्षेत्र में मानसूनी बादलों की सक्रियता अधिक रहने से बारिश की गतिविधियां तेज रह सकती हैं।
पलामू-गढ़वा में गर्मी बरकरार, रांची का मौसम रहेगा सुहावना
राजधानी रांची समेत खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा और पश्चिमी सिंहभूम में दिनभर बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में अधिकतम तापमान 28 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कम रहने का अनुमान है। इन इलाकों में तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे उमस और गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है।