Jharkhand News : जमशेदपुर के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत पानीपड़ा-नागुड़साई गांव में सुवर्णरेखा नदी किनारे संदिग्ध विस्फोटक मिलने से इलाके में दहशत फैल गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए शनिवार को भारतीय सेना की विशेष टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
तीन दिनों से दिख रही थी धातु की वस्तु, ग्रामीणों की सूचना पर सेना की टीम पहुंची
जानकारी के अनुसार, पिछले तीन दिनों से ग्रामीण नदी किनारे एक भारी धातु जैसी वस्तु देख रहे थे। धीरे-धीरे यह सूचना पूरे गांव में फैल गई, जिससे लोगों में भय का माहौल बन गया। कई ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यह द्वितीय विश्व युद्ध के समय का कोई पुराना बम हो सकता है।
सेना की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर संदिग्ध वस्तु का निरीक्षण किया। टीम का नेतृत्व कर रहे कैप्टन आयुष कुमार सिंह ने प्रारंभिक जांच के बाद बताया कि यह वस्तु “जिंदा बम” प्रतीत हो रही है और इसमें अभी भी विस्फोट की संभावना बनी हुई है।
इलाके को किया गया प्रतिबंधित, जांच के बाद ही होगा निष्क्रिय करने का फैसला
उन्होंने कहा कि फिलहाल बम के प्रकार, उसकी स्थिति और मारक क्षमता का विस्तृत अध्ययन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट सैन्य मुख्यालय को भेजी जाएगी और वहां से निर्देश मिलने के बाद ही बम को निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
घटना के बाद से ग्रामीणों में डर का माहौल है। प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और संदिग्ध वस्तु के आसपास का क्षेत्र अस्थायी रूप से प्रतिबंधित कर दिया गया है। सेना और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी स्थिति में बम के पास न जाएं और न ही उसे छूने की कोशिश करें। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही स्थिति को सुरक्षित तरीके से नियंत्रित कर लिया जाएगा।