Jharkhand News: झारखंड के लातेहार जिले के छिपादोहर वन क्षेत्र स्थित मोरवाई जंगल में जंगली भैंसा के हमले से दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान 65 वर्षीय सिलमानिया देवी और 50 वर्षीय शांति कुँवर के रूप में हुई है। वो दोनों गांव की अन्य महिलाओं के साथ महुआ चुनने जंगल गई थी, तभी अचानक हमला हुआ।
अचानक हमले से मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, जंगली भैंसों का झुंड अचानक सामने आ गया और महिलाओं पर टूट पड़ा। जान बचाने के लिए सभी महिलाए भागने लगीं, लेकिन दो महिलाएं इसकी चपेट में आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि भैंसों ने उन्हें पटक-पटक कर मार डाला, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
रातभर तलाश, सुबह मिला शव
जब देर शाम तक दोनों महिलाएं घर नहीं लौटीं, तो परिजनों ने ग्रामीणों के साथ खोजबीन शुरू की। अंधेरे के कारण रात में उनका कोई पता नहीं चला, लेकिन मंगलवार सुबह जंगल में दोनों के शव बरामद हुए। जिसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई।
मुआवजा और चेतावनी जारी
वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर चुकी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों को तत्काल 50-50 हजार रुपये की सहायता दी गई है, जबकि बाकी मुआवजा प्रक्रिया पूरी होने के बाद मिलेगा। विभाग ने ग्रामीणों से जंगल में सतर्क रहने और जोखिम वाले क्षेत्रों में न जाने की अपील की है।