निर्माणाधीन मकान में चल रहा था साइबर ठगी का नेटवर्क
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पाथरोल थाना क्षेत्र के लेड़वा इलाके में एक निर्माणाधीन मकान से साइबर ठगी का गिरोह सक्रिय है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी की और मौके से छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में पता चला कि आरोपी अलग-अलग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का सहारा लेकर लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे.
ऐसे बनाते थे लोगों को शिकार
जांच में सामने आया कि आरोपी कई तरीकों से लोगों को ठगते थे.
फर्जी कस्टमर केयर नंबर, गूगल पर खुद को कस्टमर केयर अधिकारी बताकर नकली नंबर अपलोड करते थे और मदद के बहाने लोगों से बैंकिंग जानकारी हासिल करते थे.
कैशबैक का झांसा, खुद को PhonePe या Paytm का अधिकारी बताकर कैशबैक दिलाने का लालच देते और गिफ्ट कार्ड बनवाकर पैसे ठग लेते थे.
केवाईसी अपडेट के नाम पर धोखाधड़ी, एयरटेल पेमेंट बैंक से जुड़ा अधिकारी बनकर कार्ड चालू करने या खाते की केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर लोगों से जानकारी लेते और ठगी करते थे.
मोबाइल और सिम कार्ड बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 8 मोबाइल फोन और 9 सिम कार्ड बरामद किए हैं. गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सूरज कुमार दास, बिरेन्द्र कुमार दास, अरुण कुमार दास, डब्लू दास, संदीप कुमार दास और अजय कुमार दास के रूप में हुई है. सभी आरोपी देवघर जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं.
साइबर अपराध के खिलाफ सख्त रुख
हाल ही में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में एसपी सौरव ने जिले में बढ़ रहे साइबर अपराध पर सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे. पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी ताकि जिले में साइबर अपराध के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जा सके.