Jharkhand News: झारखंड में मतदाता सूची को पूरी तरह सुधारने और नए वोटरों को जोड़ने के लिए एसआईआर यानी विशेष पुनरीक्षण अभियान शुरू किया गया है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर इस पूरे प्लान की जानकारी साझा की है.
बीएलओ के पास होगी घर-घर की जिम्मेदारी
अभियान के दौरान बीएलओ हर घर का दरवाजा खटखटाएंगे और लोगों को गणना फॉर्म देंगे. खास बात यह है कि अब हर घर के बाहर एक स्टीकर लगाया जाएगा, जिस पर बीएलओ का नाम और मोबाइल नंबर साफ लिखा होगा. इससे जनता को अपने वोटर कार्ड से जुड़ी समस्याओं के लिए भटकना नहीं पड़ेगा.
राजनीतिक दलों से मांगी गई मदद
निर्वाचन विभाग ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे बूथ लेवल पर अपने एजेंट नियुक्त करें. इन एजेंटों का काम बीएलओ के साथ मिलकर यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी फर्जी नाम लिस्ट में न रहे और किसी भी असली वोटर का नाम न छूटे.
मृत और शिफ्ट हुए वोटरों की होगी छंटनी
इस बार की जांच में उन वोटरों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा जो अब उस पते पर नहीं रहते या जिनकी मृत्यु हो चुकी है. ऐसे लोगों की एक अलग सूची बनाकर उसे पारदर्शी तरीके से प्रकाशित किया जाएगा. बैठक में चुनाव आयोग के कई बड़े अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया.