Jharkhand News: वैशाख शुक्ल पक्ष की तृतीया यानी अक्षय तृतीया झारखंड के व्यापारियों के लिए बड़ी उम्मीदें लेकर आई. प्रारंभिक व्यापारिक अनुमानों के अनुसार, इस साल पूरे राज्य में 1000 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ है. यह आंकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में करीब 20 से 25 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है. ज्वेलरी से लेकर ऑटोमोबाइल और रियल एस्टेट तक, हर सेक्टर में खरीदारों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यह उछाल राज्य के लोगों की बढ़ती क्रय शक्ति और निवेश के प्रति उनके भरोसे का प्रतीक है.
राजधानी रांची में 200 करोड़ की महा-खरीदारी
अक्षय तृतीया पर झारखंड की राजधानी रांची खरीदारी के मुख्य केंद्र के रूप में उभरी. शहर के मेन रोड, अपर बाजार, लालपुर और अशोक नगर जैसे इलाकों में सुबह से ही ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ी रही. अकेले रांची शहर में ही 200 करोड़ रुपये से अधिक के व्यापार का अनुमान है. इसमें सबसे बड़ी हिस्सेदारी सराफा बाजार (ज्वेलरी) की रही, जबकि इलेक्ट्रॉनिक्स और होम अप्लायंसेज जैसे घरेलू सामानों की बिक्री ने भी 10 करोड़ रुपये के आंकड़े को छू लिया है.
ज्वेलरी और ऑटोमोबाइल सेक्टर में रही जबरदस्त मांग
सोने की ऊंची कीमतों के बावजूद सराफा बाजार में "गोल्डन भीड़" देखी गई. शगुन के सिक्कों से लेकर भारी गहनों और हीरों की जमकर बिक्री हुई. रांची के ज्वेलरी सेक्टर ने इस एक दिन में अपने सालाना औसत कारोबार का एक बड़ा हिस्सा हासिल कर लिया है. वहीं, ऑटोमोबाइल सेक्टर की रफ्तार भी बेमिसाल रही. शुभ मुहूर्त पर डिलीवरी के लिए पहले से ही 300 कारों और लगभग 900 दोपहिया वाहनों की बुकिंग कराई गई थी. कमर्शियल वाहनों को मिलाकर इस सेक्टर में राज्य स्तर पर 45 करोड़ रुपये तक के कारोबार की संभावना जताई जा रही है.
परंपरा के साथ आधुनिक निवेश का बदलता मिजाज
बाजार के जानकारों का कहना है कि झारखंड में निवेश का ट्रेंड अब परंपरागत सोने-चांदी से आगे बढ़कर लग्जरी और रियल एस्टेट की ओर भी मुड़ रहा है. पूरे राज्य का सालाना कारोबार करीब 6500 करोड़ रुपये के आसपास रहता है, जिसमें अक्षय तृतीया जैसे पर्व महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. जिस तरह से इस साल 25 प्रतिशत की बढ़त देखी गई है, वह आगामी त्योहारी सीजन के लिए एक शुभ संकेत माना जा रहा है. विशेषज्ञों के अनुसार, यह तेजी न केवल बड़े शहरों बल्कि छोटे कस्बों के बाजारों में भी समान रूप से महसूस की गई है.