Ranchi: कश्मीर से आए 120 युवा प्रतिभागियों और 12 टीम लीडरों के दल ने "मेरा युवा भारत" कार्यक्रम के तहत झारखंड विधानसभा का भ्रमण किया। यह कार्यक्रम युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा गृह मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। रांची स्थित YBN यूनिवर्सिटी, नामकुम में 9 फरवरी से 14 फरवरी 2026 तक चल रहे इस युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का उद्देश्य कश्मीरी युवाओं के ज्ञान, सांस्कृतिक समृद्धि और विचार-विमर्श के आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करना है।
कश्मीरी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के अंतर्गत अनंतनाग, कुपवाड़ा, बारामुल्ला, बडगाम, श्रीनगर और पुलवामा जिलों से प्रत्येक जिले के 20 युवा तथा 2 टीम लीडर शामिल हुए हैं। इस प्रकार कुल 120 प्रतिभागी और 12 टीम लीडर, जिनमें पुरुष और महिला प्रतिभागियों की समान भागीदारी सुनिश्चित की गई है, इस कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे हैं।
विधानसभा भ्रमण के दौरान दल ने अध्यक्ष, झारखंड विधानसभा रबींद्रनाथ महतो से शिष्टाचार मुलाकात की। अध्यक्ष ने युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास देश की एकता और अखंडता को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने युवाओं से संवाद करते हुए झारखंड की संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक विविधता के बारे में जानकारी दी।
अपने संबोधन में अध्यक्ष ने कहा कि जिस प्रकार कश्मीर अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए विश्वविख्यात है, उसी प्रकार झारखंड अपने पठारी भूभाग और घने वनों के लिए जाना जाता है। उन्होंने सुझाव दिया कि युवाओं को राज्य की खनिज संपदा और औद्योगिक विकास से अवगत कराने के लिए खनन क्षेत्रों का भी भ्रमण कराया जाना चाहिए।
इस अवसर पर प्रभारी सचिव, झारखंड विधानसभा रंजीत कुमार, YBN यूनिवर्सिटी की टीम तथा जिला युवा अधिकारी भी उपस्थित रहे।