Jharkhand Breaking: झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री और गिरिडीह सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू का शनिवार देर रात निधन हो गया. वह गिरिडीह स्थित अपने आवास पर थे, जहां रात में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई.
बताया जा रहा है कि सोने जाने के बाद उन्हें अचानक हार्ट अटैक आया. इसके बाद परिजन उन्हें तत्काल गिरिडीह के मरसी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे.
अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी. हालत गंभीर होने के कारण उन्हें इलाज के लिए रांची ले जाना भी संभव नहीं हो सका.
घटना की जानकारी मिलते ही गिरिडीह प्रशासन के अधिकारी और पुलिस अस्पताल पहुंच गए. मंत्री के निधन की खबर से गिरिडीह समेत पूरे झारखंड में शोक का माहौल है.
हेमंत सरकार में संभाल रहे थे कई विभाग
सुदिव्य कुमार सोनू झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रमुख नेताओं में शामिल थे. वह गिरिडीह सदर विधानसभा सीट से लगातार दो बार विधायक चुने गए.
2019 में उन्होंने पहली बार विधानसभा चुनाव जीता था. इसके बाद 2024 में दोबारा जीत दर्ज की और हेमंत सोरेन सरकार में कैबिनेट मंत्री बने.
उनके पास पर्यटन, कला एवं संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य, नगर विकास तथा उच्च एवं तकनीकी शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी थी.
छात्र आंदोलन में भी निभाई थी भूमिका
सुदिव्य कुमार सोनू को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का करीबी नेता माना जाता था. सरकार और अपने विभागों से जुड़े मुद्दों को वह खुलकर जनता के सामने रखते थे.
हाल के छात्र आंदोलन के दौरान भी उनकी सक्रिय भूमिका रही थी. आंदोलन को खत्म कराने और छात्रों से बातचीत के प्रयासों में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी.
उनके अचानक निधन को झारखंड की राजनीति के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है.