Jamtara News : झारखंड के जामताड़ा जिले में सड़क हादसे में घायल एक मासूम बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना रायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे की है। मासूम की मौत के बाद परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।जानकारी के अनुसार, कोरीडीह वन गांव निवासी सफाउल अंसारी की पुत्री सजदा खातून तालाब से स्नान कर घर लौट रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार सफेद रंग की स्कॉर्पियो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।घटना के बाद परिजन और स्थानीय ग्रामीण आनन-फानन में बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे धनबाद रेफर कर दिया, लेकिन धनबाद ले जाने के दौरान रास्ते में ही मासूम ने दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने किया हाईवे जाम, पुलिस CCTV फुटेज खंगालने में जुटी
मासूम की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे को जाम कर दिया और वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। सूचना मिलने के बाद नारायणपुर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया।
पुलिस अब दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो की पहचान करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और लोग दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।