Jamtara News : झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के बैनर तले सर्खेलडीह स्थित जी.के. पैलेस में शनिवार से दो दिवसीय सातवां राज्य स्तरीय सम्मेलन शुरू हुआ। सम्मेलन में महासंघ के पदाधिकारियों और विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों ने कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की तथा सरकार के समक्ष रखी गई 25 सूत्री मांगों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महासंघ के अखिल भारतीय महासचिव राजीव डिबरी शामिल हुए। उन्होंने कर्मचारियों और मजदूरों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार रखते हुए संगठन की मांगों को मजबूती से उठाने की बात कही।
कर्मचारियों और मजदूरों के हितों की रक्षा की उठाई मांग
मीडिया से बातचीत में राजीव डिबरी ने कहा कि वर्तमान समय में कर्मचारियों और मजदूरों के अधिकारों पर लगातार दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लागू किए गए लेबर कोड से श्रमिकों के हित प्रभावित हुए हैं। साथ ही मनरेगा जैसी रोजगार योजनाओं और देश की खनिज संपदा से जुड़े मुद्दों पर भी अपनी चिंता व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि सम्मेलन के दौरान कर्मचारियों की समस्याओं, श्रमिक अधिकारों और संगठन की 25 सूत्री मांगों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी तथा इन्हें सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा। सम्मेलन का समापन रविवार को विभिन्न प्रस्तावों और आगे की रणनीति के साथ होगा।