Jamtara News: करमाटांड़ थाना पुलिस ने मोबाइल छिनतई की एक घटना की जांच करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो स्मार्टफोन और वारदात में इस्तेमाल की गई काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 27 अगस्त 2026 को दोपहर करीब एक बजे शांतिनगर निवासी मोनिका कुमारी से बाइक सवार दो युवकों ने मोबाइल छीन लिया था। घटना के संबंध में उनके लिखित आवेदन पर करमाटांड़ थाना में कांड संख्या 67/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मिशन चौक पर वाहन जांच के दौरान गिरफ्तारी
मामले की जांच के दौरान पुलिस अधीक्षक को मिली सूचना के आधार पर 29 अगस्त को मिशन चौक, करमाटांड़ के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान JH21M3828 नंबर की काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो युवकों को पुलिस ने रोका।
पूछताछ और तलाशी के बाद दोनों की पहचान राहुल सिंह, पिता सुनील सिंह और दिनेश दास, पिता नरेश दास के रूप में हुई। दोनों देवघर जिले के चितरा थाना क्षेत्र स्थित पियरसोल के रहने वाले बताए गए हैं।
पूछताछ में छिनतई की बात स्वीकारने का दावा
पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के पास से दो स्मार्टफोन बरामद हुए। पूछताछ में दोनों ने मोबाइल छिनतई की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की।
जांच के दौरान पुलिस को दोनों आरोपियों की पूर्व में हुई मोबाइल छिनतई की कुछ अन्य घटनाओं में कथित संलिप्तता के संकेत भी मिले हैं। पुलिस इन मामलों में उनकी भूमिका की भी पड़ताल कर रही है। करमाटांड़ पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।