Jamshedpur News : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भालूबासा गोलचक्कर के पास गुरुवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) और जुस्को की संयुक्त टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से छह अवैध दुकानों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान इलाके में लोगों की भीड़ जुटी रही और कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति भी बनी रही।
2024 में दायर याचिका पर कोर्ट ने दिया था अतिक्रमण हटाने का आदेश
जानकारी के अनुसार, भालूबासा गोलचक्कर निवासी अजय नाथ ने वर्ष 2024 में अपने घर के सामने सरकारी जमीन पर संचालित दुकानों के खिलाफ अदालत का दरवाजा खटखटाया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि अवैध अतिक्रमण के कारण उन्हें परेशानी हो रही है। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने उनके पक्ष में फैसला सुनाते हुए अवैध निर्माण हटाने का आदेश दिया।
विरोध के बीच जारी रही कार्रवाई, छह दुकानों पर चला जेसीबी
कोर्ट के आदेश के अनुपालन में गुरुवार को जेएनएसी और जुस्को की टीम मौके पर पहुंची और एक-एक कर छह दुकानों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों ने विरोध जताया, लेकिन प्रशासन ने अदालत के आदेश का हवाला देते हुए अभियान जारी रखा। जिन लोगों की दुकानें हटाई गईं, उनमें आशीष कुमार सोनकर, हरे कृष्णा पुथल, मनोज कुमार, संजय कुमार, शीतल और आरती शामिल हैं।
सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ आगे भी जारी रहेगा अभियान
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश के अनुपालन में की गई है। अधिकारियों ने कहा कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।