Jamshedpur News : शहर के कुख्यात अपराधी निसार अहमद उर्फ निशु को घाघीडीह केंद्रीय कारागार से गोड्डा जेल स्थानांतरित कर दिया गया है। पुलिस और जेल प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई को संगठित अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। निसार पर हत्या, फायरिंग, रंगदारी समेत कई गंभीर आपराधिक मामलों में आरोप हैं।
जेल से गिरोह संचालित करने की आशंका के बाद कार्रवाई
पुलिस सूत्रों के अनुसार, निसार अहमद के जेल में रहते हुए भी अपने गिरोह के सदस्यों से संपर्क में रहने और आपराधिक गतिविधियों को प्रभावित करने की सूचना मिली थी। इस संबंध में जिला पुलिस ने जेल प्रशासन को रिपोर्ट भेजी, जिसके बाद सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए उसे गोड्डा जेल भेजने का निर्णय लिया गया।
हत्या और रंगदारी के कई मामलों में है आरोपी
निसार अहमद को 19 जून को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया था। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और कई मामलों में वांछित था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ हत्या, फायरिंग और रंगदारी के कई मामले दर्ज हैं। वह पवन यादव हत्याकांड, राजा सिंह हत्याकांड, सोनारी में गणेश सिंह पर बम हमले और आयुष ओझा उर्फ अंशु पर फायरिंग जैसे चर्चित मामलों में भी आरोपी है।
सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन से भी रहा चर्चित
निसार अहमद सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ वीडियो पोस्ट कर चर्चा में रहा है। पुलिस का मानना है कि उसके नेटवर्क को कमजोर करने और जेल से किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि पर रोक लगाने के उद्देश्य से उसे शहर से दूर गोड्डा जेल स्थानांतरित किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से संगठित अपराध में शामिल अन्य अपराधियों को भी कड़ा संदेश जाएगा।