Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-17

Jamshedpur News: 1.69 करोड़ की कथित ठगी मामले में जमशेदपुर का अनूप राय गिरफ्तार

Jamshedpur News: जमीन और मकान की खरीद-बिक्री के नाम पर 1.69 करोड़ रुपये से अधिक की कथित धोखाधड़ी के मामले में गिरिडीह के पचंबा थाना पुलिस ने जमशेदपुर निवासी अनूप कुमार राय को गिरफ्तार किया है. गुरुवार देर शाम गुप्त सूचना के आधार पर जमुआ थाना क्षेत्र के टीकामघा में घेराबंदी कर पुलिस ने उसे उसकी कार के साथ पकड़ा.


पुलिस के मुताबिक, अनूप कुमार राय के खिलाफ झारखंड समेत कई राज्यों में धोखाधड़ी के 40 से अधिक मामले दर्ज हैं. फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है.


2.25 करोड़ रुपये में हुआ था सौदा
मामला पचंबा थाना क्षेत्र के कृष्णानगर निवासी राजीव रंजन की शिकायत पर दर्ज किया गया है. शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने अपने तीन सहयोगियों के साथ मकतपुर बरगंडा स्थित श्यामकुंज के पास जमीन और मकान खरीदने के लिए अनूप कुमार राय से 2.25 करोड़ रुपये में सौदा किया था. इसके लिए 19 जून 2022 को एग्रीमेंट भी किया गया.

शिकायत के अनुसार, एग्रीमेंट के समय 51 लाख रुपये अग्रिम दिए गए थे. बाद में अलग-अलग किस्तों में कुल 1,69,67,001 रुपये का भुगतान किया गया.

जन्म से पहले की वसीयत दिखाने का आरोप
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि अनूप कुमार राय ने संपत्ति पर अपना अधिकार साबित करने के लिए 10 दिसंबर 1976 की पंजीकृत वसीयत दिखाई थी. लेकिन दस्तावेजों की जांच के दौरान शिकायतकर्ताओं को पता चला कि आरोपी की जन्मतिथि 22 जुलाई 1978 है. आरोप है कि इसी दस्तावेज के आधार पर करोड़ों रुपये की कथित ठगी की गई.

पहले से भी विवादित थी संपत्ति
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि इसी जमीन और मकान का एग्रीमेंट पहले ही रामदेव सिंह के साथ किया जा चुका था. इस संपत्ति से जुड़े मामले गिरिडीह नगर थाना और एसडीएम कोर्ट में पहले से लंबित हैं.

पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. आरोपी से पूछताछ की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !