Jamshedpur News: जमशेदपुर के सोनारी स्थित चित्रगुप्त भवन में आयोजित भाजपा जमशेदपुर महानगर का दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर रविवार को संपन्न हो गया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 के तहत आयोजित इस शिविर में संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन, डिजिटल सशक्तिकरण और पंचायत चुनाव की रणनीति पर मंथन हुआ। समापन सत्र की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा ने की, जबकि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ रविन्द्र राय, राज्यसभा सांसद डॉ प्रदीप वर्मा समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। दिन की शुरुआत ध्वज प्रणाम, योगाभ्यास और शाखा कार्यक्रम से हुई।
सोशल मीडिया और बूथ मजबूती पर विशेष जोर
प्रशिक्षण शिविर के विभिन्न सत्रों में नेताओं ने संगठन की कार्यशैली और विचारधारा पर विस्तार से चर्चा की। भाजपा के सह सोशल मीडिया संयोजक राहुल शाहदेव ने कार्यकर्ताओं को नमो ऐप और सरल ऐप के उपयोग की जानकारी देते हुए डिजिटल माध्यम को संगठन मजबूती का प्रभावी हथियार बताया। वहीं डॉ समर सिंह ने विचार परिवार और सत्यनारायण सिंह ने कार्य विस्तार की रणनीति पर अपने विचार रखे। नेताओं ने बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय और मजबूत बनाने पर जोर दिया।
राष्ट्रवाद और संगठन संस्कृति पर नेताओं का संदेश
प्रदेश उपाध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद डॉ प्रदीप वर्मा ने भाजपा के इतिहास, राष्ट्रवादी विचारधारा और संगठन संस्कृति पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भाजपा में परिवारवाद नहीं बल्कि कार्यकर्ता सर्वोपरि होता है और बूथ अध्यक्ष भी प्रधानमंत्री बनने की क्षमता रखता है। उन्होंने डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और एकात्म मानववाद की चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं से “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा के वैचारिक संकल्पों को साकार होने की बात भी कही।
पंचायत चुनाव और राज्य सरकार पर भाजपा का हमला
समापन सत्र में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ रविन्द्र राय ने पंचायत चुनाव को संगठन की जमीनी ताकत मजबूत करने का बड़ा अवसर बताया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही झामुमो-कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और विकास कार्यों में उदासीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था बदहाल है और जनता सरकार से निराश है। शिविर में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, पूर्व विधायक, प्रदेश पदाधिकारी और मंडल प्रभारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।