Jamshedpur: बरसात के मौसम में मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए जमशेदपुरके बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत में शुक्रवार को एंटी-लार्वा छिड़काव अभियान चलाया गया. पंचायत क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों में छिड़काव कर मच्छरों के प्रजनन को नियंत्रित करने की पहल की गई.
मांग के बाद शुरू हुआ छिड़काव
पंचायत के मुखिया राजकुमार गोड और उप मुखिया संतोष ठाकुर ने 7 अगस्त को अर्बन सर्विस, टाटा स्टील को मांग पत्र सौंपा था. इसमें पंचायत क्षेत्र में एंटी-लार्वा का छिड़काव कराने का आग्रह किया गया था. मांग के बाद शुक्रवार सुबह से रोड नंबर 1, 2 और 3 समेत पंचायत के कई इलाकों में छिड़काव शुरू कराया गया.
स्कूल और सार्वजनिक स्थान भी अभियान में शामिल
अभियान के दौरान प्राथमिक विद्यालय, श्री कृष्णा पब्लिक स्कूल, हिलटॉप स्कूल और टीनी टॉट स्कूल परिसर में भी एंटी-लार्वा का छिड़काव किया गया. इसके अलावा पानी टंकी और गुरुद्वारा परिसर में भी दवा का छिड़काव कराया गया. पंचायत प्रतिनिधियों के अनुसार, इसका उद्देश्य बारिश के दौरान मच्छरों के पनपने की संभावना को कम करना और डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों से बचाव करना है.
बाकी इलाकों में 15 अगस्त के बाद होगा छिड़काव
पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि शुक्रवार को जिन स्थानों पर छिड़काव नहीं हो सका, वहां 15 अगस्त के बाद अभियान चलाया जाएगा. पंचायत क्षेत्र के अधिक से अधिक इलाकों को अभियान में शामिल करने के लिए इसे चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है.
"जनता का स्वास्थ्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता"
उप मुखिया संतोष ठाकुर ने कहा, "जनता का स्वास्थ्य और सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. बरसात के मौसम में मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए पंचायत क्षेत्र में लगातार जनहित के कार्य किए जाएंगे." अभियान शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों ने पंचायत प्रतिनिधियों की पहल की सराहना की और इसके लिए आभार जताया. अभियान में राकेश सिंह, अजीत सिन्हा, राजकुमार सिंह और वार्ड सदस्य उमेश पांडे ने सक्रिय भूमिका निभाई.