Jamshedpur News: जमशेदपुर के पटमदा प्रखंड के बोड़ाम क्षेत्र स्थित बेलडीह गांव के जारकी टोला में पेयजल संकट गहराता जा रहा है. पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की ओर से लगाई गई सोलर संचालित जलमीनार पिछले करीब एक महीने से खराब है. इसके चलते टोला में रहने वाले लगभग 25 परिवारों को पानी के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है.
ग्रामीणों के अनुसार टोला में पेयजल की कोई वैकल्पिक सरकारी व्यवस्था नहीं है. न तो सरकारी चापाकल है और न ही कोई कुआं उपलब्ध है. ऐसे में लोगों को निजी खर्च से लगाए गए चापाकलों से पानी लाकर घर की जरूरतें पूरी करनी पड़ रही हैं.
गर्मी के मौसम में दूर से पानी लाना ग्रामीणों, खासकर महिलाओं के लिए बड़ी समस्या बन गया है. तेज धूप के बीच रोजमर्रा के कामों के लिए पानी जुटाना काफी मुश्किल हो रहा है.
शिकायतों के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
ग्रामीणों ने बताया कि जलमीनार खराब होने की जानकारी कई बार विभागीय अधिकारियों, जल सहिया, वार्ड सदस्य और मुखिया को दी गई, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है.
लंबे समय से समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज टोला की महिलाओं ने गुरुवार को जलमीनार के पास पहुंचकर विरोध जताया. महिलाओं ने खाली बर्तन रखकर प्रदर्शन किया और जल्द से जल्द खराब जलमीनार को ठीक कर पेयजल आपूर्ति शुरू कराने की मांग की.
प्रदर्शन में वैद्यनाथ टुडू, बासुदेव टुडू, लुधुराम हेंब्रम, पुष्पांजलि टुडू, रीता टुडू, पूर्णिमा टुड्डू, गुलापी टुडू, सादरी टुड्डू समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण आगे भी आंदोलन करेंगे.