Jamshedpur News: टेल्को कॉलोनी स्थित विद्या भारती चिन्मय विद्यालय में शुक्रवार को बाल विहार शिविर 2026 के तहत कक्षा दो और कक्षा छह के विद्यार्थियों के लिए एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में संस्कार, सहयोग, आध्यात्मिकता और भावनात्मक विकास से जुड़े मूल्यों को बढ़ावा देना था.
कार्यक्रम की शुरुआत मंगलाचरण से हुई. इसके बाद विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से गीता पंचामृत और हनुमान चालीसा का पाठ किया. बच्चों ने भजन प्रस्तुत कर कार्यक्रम में भाग लिया, जिससे विद्यालय परिसर में शांत और सकारात्मक वातावरण बना रहा.
कार्यक्रम के दौरान शिक्षिकाओं ने भगवान गणेश से जुड़ी कथा को अभिनय के माध्यम से बच्चों को समझाया. इसके साथ ही कक्षा दो के विद्यार्थियों ने शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन में भजनों की प्रस्तुति दी. इस दौरान बच्चों के लिए विभिन्न रचनात्मक गतिविधियां भी आयोजित की गईं.
नेचर फ्रेंड गतिविधि के तहत विद्यार्थियों ने अपने साथ लाए फूल और पत्तों को दिखाते हुए पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर चर्चा की. इन गतिविधियों का उद्देश्य बच्चों में प्रकृति के प्रति लगाव, शारीरिक और बौद्धिक विकास के साथ-साथ आपसी सम्मान की भावना को विकसित करना था.
कक्षा छह के विद्यार्थियों के लिए धार्मिक कथा प्रह्लाद और होलिका पर आधारित प्रस्तुति दी गई. इस कथा के माध्यम से बच्चों को सत्य, भक्ति और साहस से जुड़े संदेशों से अवगत कराया गया. इसके अलावा फ्रेंडशिप ट्री नामक गतिविधि भी कराई गई, जिसमें बच्चों ने अपने मित्रों के नाम और उनकी अच्छी बातों को पत्तों पर लिखकर एक प्रतीकात्मक वृक्ष पर सजाया.
कार्यक्रम के अंत में आरती और शांति पाठ के साथ शिविर का समापन हुआ. इसके बाद विद्यार्थियों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया.
विद्यालय की प्राचार्या मीना विल्खू ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों के समग्र विकास में सहायक होते हैं. विद्यालय में समय-समय पर ऐसे आयोजन कर विद्यार्थियों के नैतिक, भावनात्मक और सामाजिक विकास को प्रोत्साहित किया जाता है.