Jamshedpur News: टाटानगर समेत चक्रधरपुर मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर तत्काल टिकट की बुकिंग व्यवस्था को अब आरपीएफ की निगरानी में कराया जाएगा. इसका उद्देश्य रात से कतार में लगने वाले यात्रियों को क्रम के अनुसार टिकट उपलब्ध कराना और बुकिंग में गड़बड़ी रोकना है.
रेलवे को एक यात्री ने तत्काल टिकट की लाइन में जबरन घुसने की शिकायत दी थी. इसके बाद चक्रधरपुर मंडल ने आरपीएफ जवानों और आरक्षण केंद्र के कर्मचारियों को तत्काल बुकिंग के दौरान विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है.
बताया गया कि तत्काल टिकट लेने वाले यात्री अक्सर रात में ही स्टेशन पहुंचकर कागज पर श्रेणी के अनुसार अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हैं. लेकिन निगरानी नहीं होने की वजह से कई बार लाइन में विवाद और हंगामे की स्थिति बन जाती है.
पांच बड़े स्टेशनों पर लागू होगी निगरानी व्यवस्था
नई व्यवस्था के तहत तत्काल टिकट बुकिंग के समय चक्रधरपुर मंडल के पांच प्रमुख स्टेशनों पर आरपीएफ जवान कतार की निगरानी करेंगे. इससे कोई भी यात्री नियम तोड़कर आगे नहीं आ सकेगा.
रेलवे सूत्रों के अनुसार, टाटानगर स्टेशन पर पहले भी तत्काल टिकट में गड़बड़ी और कालाबाजारी को लेकर शिकायत सामने आई थी. हालांकि बाद में शिकायतकर्ता ने उसे वापस ले लिया था.
आरपीएफ की मौजूदगी से उम्मीद है कि तत्काल टिकट व्यवस्था ज्यादा पारदर्शी होगी और रातभर इंतजार करने वाले जरूरतमंद यात्रियों को प्राथमिकता के आधार पर टिकट मिल सकेगा.